– लगातार अनदेखी से आहत होने के बाद हुआ विरोध
जालोर. गर्मी का मौसम हर आम और खास को परेशान कर रहा है और इस बीच पेयजल संकट के हालात भी बन रहे हैं और इससे लोगों में आक्रोश भी पैदा हो रहा है। जैसा कि रामसीन में गुरुवार को देखा गया। कस्बे के विजयनगर गोलुआ सुथारों का वास में पिछले करीब 15 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप है। इन हालातों में मोहल्लेवासियों का गुरुवार को गुस्सा फूटा। महिलाओं ने विरोध में मोहल्ले में मटके फोड़े और जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। इसके अलावा कस्बे में रेबारियों का वास में भी यही हालात है और लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ रहा है। पानी की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। कस्बेवासियों का कहना है कि पानी की मांग बढ़ी है, दूसरी तरफ विभाग की ओर से आपूर्ति बंद कर दी गई है। जिसके चलते हालात बदतर हो चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले लंबे समय से वार्ड नंबर 16 व 17 में पेयजल संकट के चलते ग्रामीणों को टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है।





Comments are closed.