Jalore Politics RAJASTHAN

भाजपा की सरकार बनी तो जवाई नदी को पुनर्जीवित करने का काम करेंगे – गृहमंत्री शाह

सायला में भाजपा विधायक प्रत्याशी जोगेश्वर गर्ग के समर्थन में जनसभा को किया संबोधित

सरकार बनते ही प्रदेश में गैस सिलेंडर के दाम 450 रुपए व पेट्रोल डीजल के दाम कम करने की घोषणा

सायला। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने विधानसभा चुनाव 2023 के तहत जालोर से भाजपा विधायक प्रत्याशी जोगेश्वर गर्ग के समर्थन में बुधवार को सायला के वीराणा रोड स्थित गेर मैदान में विशाल विजय संकल्प जनसभा को संबोधित किया। सभा मे उन्होंने गहलोत सरकार को महिला अत्याचार, पेपरलीक, तुष्टिकरण एवं अपराध के मुद्दों पर घेरते हुए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
शाह ने गुजराती भाषा में अपना संबोधन प्रारंभ करते हुए जालोर से भाजपा विधायक प्रत्याशी जोगेश्वर गर्ग को प्रचण्ड जीत दिलाने का आह्वान किया। शाह ने कहा कि राजस्थान में 5 साल से गहलोत सरकार चल रही है और जवाई नदी सूखती जा रही है। लेकिन गहलोत सरकार जवाई नदी को जीवित करने का कोई कार्य नही कर रही है। अगर जालोर की जनता भाजपा प्रत्याशी गर्ग को विधायक बना दें तो भाजपा सरकार बनते ही जवाई नदी को पुनर्जीवित करने का कार्य करेंगे। शाह ने कहा कि जब वोट देने जाओ तब याद रखना कि आपका वोट ना केवल गर्ग को विधायक और भाजपा की सरकार बनाएगा बल्कि आपका एक वोट राजस्थान और देश का भविष्य तय करेगा। आपका एक वोट राजस्थान के युवाओं को आगे बढाने का कार्य करेगा। 5 साल में गहलोत सरकार ने 40 लाख से ज्यादा युवाओं को पेपरलीक कर ठगने का काम किया है। पूरे देश में सबसे ज्यादा पेपरलीक करने का रिकॉर्ड गहलोत सरकार ने बनाया है। शाह ने कहा कि राजस्थान मे उनकी 22वीं सभा है और पूरे प्रदेश में घूमकर आए है। गहलोत सरकार ने 15 से ज्यादा पेपरलीक करवाए लेकिन राजस्थान की जनता ने एक पेपरलीक कर दिया है और वो यह है कि 3 दिसंबर को गहलोत सरकार जा रही है और भाजपा की सरकार बन रही है। साथ ही कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब अम्बेडकर और दलितों का अपमान करने में कोई कसर नही छोडी। जब तक कांग्रेस रही अम्बेडकर को भारत रत्न नही मिला और उनके स्थानों को सम्मान नही मिला। लेकिन भाजपा ने महु में अम्बेडकर का जन्मस्थान, लंदन में स्मारक, नागपुर में दीक्षा भूमि और दिल्ली में महापरिनिर्वाण स्थान बनाया। मोदी सरकार ने 5 साल में 4 करोड से ज्यादा दलित छात्रों को 59 हजार करोड की स्कॉलरशिप देने का काम किया।

मोदी सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि मोदी ने मुफ्त में कोरोन वैक्सीन का टीका उपलब्ध करवाया। कश्मीर में धारा 370 को समाप्त किया। तब राहुल गांधी ने कहा कि धारा 370 मत हटाओं, कश्मीर में खून की नदियां बह जाएगी। लेकिन खून की नदियां तो छोडो, किसी में एक कंकर चलाने की हिम्मत नही हुई। मोदी ने पीएफआई पर बैन लगाया, रोहिंग्या घुसपैठियों को रोकने का काम किया और जब उरी व पुलवामा में आतंकियों ने हमला किया तो पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक और एअर स्ट्राइक करके आतंकियों का सफाया किया। शाह ने कहा कि मोदी की गारंटी है कि 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनते ही गैस सिलेण्डर के दाम 450 रूपये करेंगे। पेट्रोल डीजल पर पूरे देश में सबसे ज्यादा टैक्स राजस्थान में गहलोत सरकार ने लगाया हुआ है जिसे भाजपा की सरकार बनते ही कम कर करेंगे। किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को 6 हजार की राशि बढाकर 12 हजार करेंगे एवं 5 किलो मुफ्त अनाज योजना को 2029 तक जारी रखेंगे। अंत में भाजपा को जीत दिलवाने का संकल्प दिलवाया। जनसभा में पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल के पीए महेश शर्मा एवं अन्य दलों के नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

जनसभा को जालोर प्रधान नारायणसिंह, सायला सरपंच रजनी कंवर, डॉ. मंजू मेघवाल, वरदसिंह पांथेडी, मंगलसिंह सिराणा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मंजू सोलंकी, पूर्व सरपंच सुरेश राजपुरोहित, जीवाणा मंडल अध्यक्ष तुलसाराम चौधरी, ओबाराम देवासी, जालोर नगर मंडल अध्यक्ष सुरेश सोलंकी, उम्मेदाबाद मंडल अध्यक्ष गणपतसिंह बगेडिया समेत कई वक्ताओं ने संबोधित किया। मंच संचालन भाजयुमो जिलाध्यक्ष गजेन्द्रसिंह सिसोदिया ने किया। वही विधायक प्रत्याशी जोगेश्वर गर्ग ने गृहमंत्री शाह का साफा एवं माला पहनाकर व तलवार भेंट कर स्वागत किया गया। इस दौरान शिमला जिले के चोपाल विधायक बलवीरसिंह वर्मा, विधानसभा चुनाव संयोजक दीपसिंह धनानी, पूर्व प्रधान जबरसिंह तूरा, रामप्रकाश चौधरी, शंकर भादरू, भाजयुमो जिलाध्यक्ष गजेन्द्रसिंह सिसोदिया, पूर्व भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष विक्रमसिंह दहिया, सायला मंडल अध्यक्ष नैनमल लखारा, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष बलवंतसिंह तूरा, मांगीलाल राजपुरोहित, राजेन्द्र माहेश्वरी, मुकुन्द दवे, दिनेश जीनगर, कस्तूराराम चौधरी, अशोक अग्रवाल, मुल्तानमल आचार्य, रमेश आचार्य, जबरसिंह चौराऊ, विकास भंडारी, नेहरुभाई सुथार, पुखराज वैष्णव, प्रकाश शर्मा, घेवरचंद, पन्नालाल घांची, पारसाराम राणा , नवाराम सुथार, रूपकिशोर अग्रवाल, गौतमचंद लुंकड़, दौलतभाई आचार्य, जसवंत सिंह दहिया,अशोक वैष्णव,  पदमाराम चौधरी, ताराराम चौधरी, विजय आचार्य, जगाराम माली, श्रवण अग्रवाल, महेंद्र वैष्णव, आनन्द, जगदीश राजपुरोहित, जितेंद्र माली, गणपत आचार्य, चम्पालाल राजपुरोहित, कैलाश लखारा, गेबाराम, सोनाराम, पवन जीनगर समेत हजारों की संख्या में लोग मौजूद थे।

 

इस बार तीन दीपावली मनानी है
गृहमंत्री शाह ने कहा कि इस बार तीन दीपावली मनानी है। एक दीपावली सभी मना चुके है, दूसरी दीपावली 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बनाकर मनानी है और तीसरी दीपावली 22 जनवरी को भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा करके मनानी है। उन्होने कहा कि कांग्रेस 70 सालों से राममंदिर को अटका रही थी लेकिन मोदी ने वर्ष 2019 में राम जन्मभूमि पर मंदिर का शिलान्यास किया। शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल पहले ताना मारते थे कि मंदिर वही बनाएंगे लेकिन तिथि नही बताएंगे। इसलिए जालोर की जनता के सामने कहता हूं कि 22 जनवरी 2024 को दोपहर 12 बजकर 22 मिनट पर रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। शाह ने कहा कि 3 दिसंबर को भाजपा सरकार बना दो तो राजस्थान के सभी लोगो को बारी-बारी रामलाल के मुफ्त दर्शन करवाने का राजस्थान भाजपा करेगी।

 

गहलोत ने जनता के खाने में भी भ्रष्टाचार किया
शाह ने गहलोत सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि मोदी ने गरीब कल्याण की बात कही और करोडो लोगो को मुफ्त मंे राशन देने का काम किया। जिसे देखकर गहलोत सरकार ने कहा कि हम भी जनता को तेल, मिर्च मसाला और दाल देंगे। जब गहलोत सरकार ने तेल, मिर्च मसाला और दाल दी और उसका टेस्ट हुआ, तो उसमें भी भ्रष्टाचार सामने आया और जनता को खराब माल पकडा दिया। इसलिए खाने में भी भ्रष्टाचार करने वाली गहलोत सरकार को हिसाब सिखाना है।

 

कांग्रेस परिवारवादी पार्टी
गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस परिवारवादी पार्टी है। गहलोत अपने बेटे को मुख्यमंत्री और सोनिया गांधी अपने बेटे को प्रधानमंत्री बनाना चाहती है। मोदी के नेतृत्व में चन्द्रयान लॉन्च होता है और सोनिया गांधी 20 बार अपने बेटे को लॉन्च कर चुकी है। लेकिन यह यान ऐसा है कि लॉन्च होता ही नही है।

महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार में गहलोत सरकार नं. 1
शाह ने कहा कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार में पूरे देश में गहलोत सरकार नम्बर 1 है। गहलोत सरकार के 5 साल के कार्यकाल में 5 लाख 11 हजार माताओं और बहनों पर अत्याचार के मामले दर्ज हुए। देश में हुए कुल बलात्कार के 22 प्रतिशत मामले राजस्थान में हुए। जमवा रामगढ में शिक्षिका को जिंदा जला दिया, अलवर में दलित बच्ची का बलात्कार कर भट्टी में जला दिया, अलवर में दलित महिला का बलात्कार कर सडक पर फेंक दिया। स्टाम्प पेपर पर बेटियां निलाम हो रही है। डुंगरपुर में स्कूली बच्ची के साथ बलात्कार हुआ। लोग तो छोडो थानेदार भी बलात्कार करने में पीछे नही रहा। गहलोत सरकार माताओ-बहनों की सुरक्षा नही कर सकती है। मोदी की गारंटी है कि भाजपा सरकार बना दो, माताओं बहनों को सुरक्षित करने का काम भाजपा सरकार करेगी।

 

कांग्रेस तुष्टीकरण कर राजनीति कर रही
शाह ने कहा कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उदयपुर में कन्हैयालाल तेली और चितौडगढ में रतनलाल सोनी की हत्या होती है। झालावाड मे कृष्ण वाल्मिकी को मार दिया जाता है। 5 साल में प्रदेश में दंगे होते है। अलवर में शिव मंदिर को तोडा जाता है और सालासर में राम दरबार पर बुल्डोजर चलाते है। गहलोत सरकार अपने वोटबैंक के लिए तुष्टिकरण कर रही है। इससे सुरक्षा देने का भाजपा सरकार करेगी।

जवाई नदी को पुनर्जीवित करने की घोषणा पर गृहमंत्री शाह का आभार जताया
कस्बे के पुलिस थाना के आगे भाजपा कार्यालय में बुधवार शाम को जालोर भाजपा विधायक प्रत्याशी जोगेश्वर गर्ग ने प्रेस वार्ता की। जिसमे कहा कि आज गृहमंत्री अमित शाह सायला में विजय संकल्प जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह ने राजस्थान में भाजपा की सरकार बनते ही जवाई नदी को पुनर्जीवित करने की घोषणा की है। जिस पर गृहमंत्री अमित शाह का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। साथ ही जालोर विधानसभा क्षेत्र के किसानों, मतदाताओं और जनता को बधाई देता हूं कि हमारी वर्षो पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। जब गृहमंत्री अमित शाह ने काम हाथ मे लिया है तो निश्चित रूप से यह कार्य पूर्ण होगा। जैसे गुजरात मे साबरमती नदी को पुनर्जीवित किया है उसी तरह जालोर में भी जवाई नदी को पुनर्जीवित करेंगे। दो दिन पहले भी मेरी गृहमंत्री शाह के कार्यालय में बात हुई थी तब मुझसे क्षेत्र के पांच मुख्य मुद्दे पूछे गए थे। मैंने जवाई नदी एवं माही जल संबंधित मुद्दे बताए थे, जिनमे से जवाई नदी के पुनर्जीवित करने की घोषणा गृहमंत्री अमित शाह ने आज जनसभा में की है। जो हम सभी के लिए खुशी की बात है। इस दौरान विधानसभा चुनाव संयोजक दीपसिंह धनानी, भाजपा नेता शंकर भादरु, मंडल अध्यक्ष नैनमल लखारा व मीडिया प्रभारी सुरेश राजपुरोहित मौजूद रहे।