– पीडित छात्र के पिता की रिपोर्ट पर सायला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
सायला। कस्बे के शेखावाटी इंग्लिश एकेडमी स्कूल में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला प्रिंसिपल ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए 8वीं कक्षा के एक छात्र को न केवल दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा, बल्कि उसे मुर्गा बनाकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। पिटाई से छात्र की तबीयत बिगड़ने लगी तो उसे धमकाकर चुप रहने को कहा गया। पुलिस ने पीडित छात्र के पिता की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रार्थी श्रवण कुमार पुत्र परकाराम सेन निवासी सायला ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र हिमांशु श्रवण भाटी शेखावाटी इंग्लिश एकेडमी में पढ़ता है। शनिवार को लंच के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल ललिता वैष्णव ने हिमांशु को स्कूल के ऑफिस में बुलाया। आरोप है कि मैडम ने उसे 2 घंटे तक वहां बंधक बनाकर रखा। इस दौरान बच्चे को मुर्गा बनाया गया और उसकी पीठ पर लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे बच्चे को गंभीर अंदरूनी चोटें आई हैं। मारपीट के बाद जब बच्चे की तबीयत खराब होने लगी, तो उसे वापस क्लास में ले जाकर सुला दिया गया। आरोप है कि प्रिंसिपल ने बच्चे को डराते हुए कहा कि अगर घर पर किसी को बताया तो जान से मार दूंगी और स्कूल से निकाल दूंगी। छुट्टी के बाद जब मासूम रोते हुए घर पहुंचा और परिजनों को आपबीती बताई, तो पीडित छात्र के पिता स्कूल पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि प्रिंसिपल ने गलती मानने के बजाय बदतमीजी की और कहा मैंने मारा है, जो करना है कर लो, मेरा आप कुछ नही बिगाड सकते, मेरा सिस्टम यही रहेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए सायला पुलिस ने तत्परता दिखाई है। पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज जांच एएसआई गणपतलाल को सौंपी गई है। बच्चे का मेडिकल करवाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।




