crime Jalore RAJASTHAN

#SAYLA फर्जी रजिस्ट्री कांड: आक्रोशित सर्वसमाज का महापड़ाव शुरू, भूमाफियाओं को गिरफ्तार और तहसीलदार को निलंबित करने की मांग…पढ़िए पूरी खबर

राजस्थान आगाज़@​सायला।
आसाना गांव की कृषि भूमि की फर्जी रजिस्ट्री के विरोध में दहिया राजपूत समाज एवं सर्वसमाज का अनिश्चितकालीन महापड़ाव सोमवार को तहसील कार्यालय के समक्ष शुरू हुआ। प्रदर्शनकारियों ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए दोषी भू-माफियाओं एवं सरकारी कार्मिकों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
​जानकारी के अनुसार आसाना गांव में भू-माफियाओं ने कथित तौर पर एक ‘डमी व्यक्ति’ को खड़ा कर, तहसील प्रशासन के साथ कथित साठगांठ कर कृषि भूमि की फर्जी रजिस्ट्री करवा दी। इस षड्यंत्र के उजागर होने के बाद पीड़ित परिवार और सर्वसमाज न्याय की मांग को लेकर महापड़ाव शुरू कर धरने पर बैठ गया है।
महापड़ाव में पहुंचे पूर्व सांसद देवजी एम पटेल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर द्वारा एसआईटी का गठन कर दिया गया है और जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
भाजपा नेता टीकमसिंह राणावत ने प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पुलिस राजनीतिक दबाव में मुख्य आरोपी मांगीलाल फोलामुथा को गिरफ्तार नहीं कर रही है। उल्टा पीड़ित परिवार पर ही मुकदमा दर्ज कर उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।
जिला परिषद सदस्य रामाराम चौधरी ने तहसील प्रशासन को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए कहा कि दलाल और भू-माफिया मिलकर आमजन की गाढ़ी कमाई को हड़प रहे हैं।

भाजपा नेता रामलाल सोलंकी ने मीडिया पर भरोसा जताते हुए कहा कि मीडिया पीड़ित परिवार की आवाज को सरकार तक पहुँचाए ताकि पीड़ित परिवार को शीघ्र न्याय मिल सके। इस दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रभर से सर्वसमाज के लोग मौजूद रहे।

एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, तहसीलदार को हटाने की मांग
​महापड़ाव के दौरान पूर्व सांसद देवजी पटेल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी सूरजभान विश्नोई को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में षड्यंत्र में शामिल सभी भू-माफियाओं और सरकारी कार्मिकों को गिरफ्तार करने, सायला तहसीलदार को तुरंत निलंबित करने एवं धोखाधड़ी से हड़पी गई राशि की जल्द से जल्द रिकवरी करने की मांग की।

तहसील परिसर के आगे डाला महापड़ाव
​सवेरे 9 बजे से ही तहसील परिसर के बाहर भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। इस प्रदर्शन में आहोर प्रधान संतोष कंवर, शिवसेना जिला प्रमुख रूपराज राजपुरोहित, पूर्व सरपंच सुरेश राजपुरोहित और दिलीप सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान केवल आसाना ही नहीं, बल्कि आसपास के कई अन्य गांवों के लोग भी पहुंचे जिन्होंने सायला तहसील में पूर्व में हुए कथित जमीन घोटालों और भ्रष्टाचार की आपबीती सुनाई।

दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
पुलिस उपनिरीक्षक महिपालसिंह ने बताया कि आसाना की कृषि भूमि की फर्जी रजिस्ट्री के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों गौतमचंद पुत्र मांगीलाल जैन निवासी सायला व दौलतराज आचार्य पुत्र किशनाराम जाति आचार्य निवासी सायला को गिरफ्तार किया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।