जालोर।
जिले में ईंधन की आपूर्ति को लेकर फैली अफवाहों और अनावश्यक भीड़ पर लगाम कसने के लिए रसद विभाग एक्शन मोड में आ गया है। जिला रसद विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक भंडारण न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है, इसलिए घबराहट में आकर अतिरिक्त खरीदारी करने से बचें।
जिला रसद अधिकारी नमिता नारवाल ने बताया कि अक्सर देखा जा रहा है कि लोग कृषि कार्य के बहाने ड्रमों और खुले बर्तनों में तेल भरवा रहे हैं। उन्होंने किसानों और आम उपभोक्ताओं से विशेष अनुरोध किया है कि:
* ईंधन केवल ट्रैक्टर या वाहनों की टंकी में ही भरवाएं।
* खुले बर्तनों, ड्रम या कैन में पेट्रोल-डीजल लेना विस्फोटक नियमों का उल्लंघन है।
* अनावश्यक भंडारण से घरों और खेतों में आगजनी का खतरा बना रहता है।
पंप संचालकों को सख्त चेतावनी
प्रशासन ने केवल जनता ही नहीं, बल्कि पेट्रोल पंप संचालकों के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। यदि कोई पंप संचालक ड्रम या कंटेनर में तेल बेचते पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। तेल कंपनियों और जिला प्रशासन की टीमें लगातार स्टॉक की निगरानी कर रही हैं।




