जालोर।
जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने शुक्रवार को सांचैर में कोविड सेंटर का निरीक्षण किया और व्यवस्थाए जांची। कलक्टर ने सांचैर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कोविड सेंटर का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से मरीजों को दिये जाने वाले उपचार, ऑक्सीजन की आपूर्ति, स्टाफ की स्थिति की जानकारी लेते हुए मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली।
उन्होंने कोविड सेंटर से सम्बन्धित अधिकारियों से सभी आवश्यक व्यवस्थाऐं करने की बात कही। उन्होंने आमजन को अधिकतम राहत पहुंचाने की बात कही। इस दौरान उन्होंने वहां उपस्थित लोगों से कोरोना गाइडलाइन की पालना करने, मास्क पहनने एवं सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करने को भी कहा। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी भूपेन्द्र यादव, बीसीएमओ ओेमप्रकाश सुथार, तहसीलदार देशलराम व मेडिकल ऑफिसर मनोज विश्नोई सहित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
भंसाली इंजीनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड की अनूठी पहल –
चितलवाना, सांचैर, रानीवाडा तथा भीनमाल तहसील क्षेत्रों में डिपो से मिलेंगे निःशुल्क ऑक्सीजन सिलेण्डर
जालोर।
जिले में चितलवाना, सांचैर, रानीवाडा एवं भीनमाल तहसील क्षेत्रों में 16 मई रविवार से भंसाली इंजीनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड द्वारा ऑक्सीजन सिलेण्डर डिपो स्थापित कर वर्तमान योजना के तहत 30 जून 2021 तक ऑक्सीजन सिलेण्डर उपलब्ध होंगे। जिससे इन क्षेत्रों के सरकारी हॉस्पीटल निजी संस्थाऐं एवं अन्य प्रतिष्ठान्न जो कोरोना संक्रमित पीडितों का इलाज कर रहे हैं उन्हें निःशुल्क उपलब्ध करवाये जायेंगे।
इन तहसील क्षेत्र के उपखण्ड अधिकारियों से सम्पर्क कर उनसे लिखित अनुमति प्राप्त करके डिपो से खाली ऑक्सीजन सिलेण्डर देकर भरे ऑक्सीजन सिलेण्डर निःशुल्क देने की व्यवस्था रहेगी।
जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि की प्रेरणा से आबू रोड स्थित भंसाली इंजीनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक बाबुलाल भंसाली द्वारा जालोर जिले के चितलवाना, सांचैर, रानीवाडा एवं भीनमाल तहसील क्षेत्रों के लिए निःशुल्क ऑक्सीजन सिलेण्डर देने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत पुरानी गणेश टी कंपनी एन एच 68, थराद रोड, सांचैर में ऑक्सीजन सिलेण्डर डिपो की व्यवस्था की गई है।
इस सुविधा से जिले के चार उपखण्ड क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था होगी। राजस्थान पॉवरगेन ट्रांसफार्मर प्राइवेट लिमिटेड सांचैर के निदेशक सुमेरमल जैन के देखरेख में यह डिपो प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक खुला रहेगा। जालोर जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि के मार्गदर्शन में निजी कंपनी के सहयोग से डिपो बनाकर ऑक्सीजन सप्लाई का प्रबंधन करना एक अनूठी पहल है।
डिपो से ऑक्सीजन सिलेण्डर लेने पर किसी भी प्रकार का कोई खर्चा नहीं होगा अर्थात् सारी व्यवस्थाऐं निःशुल्क रहेगी। जिनका खर्चा भंसाली इंजीनियरिंग पॉलीमर्स लिमिटेड द्वारा वहन किया जायेगा। चितलवाना, सांचैर, रानीवाडा एवं भीनमाल उपखण्ड क्षेत्र के लिए ऑक्सीजन सिलेण्डर के लिए डिपो पर मोबाइल नं. 9820224310 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
जिले में 53 नए कोरोना पॉजीटिव आए, कुल 1470 एक्टिव केस
– अब तक कोरोना वायरस से 10032 हुए संक्रमित, 8486 हो चुके हैं स्वस्थ
जालोर।
जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ रही है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को प्राप्त रिपोर्ट में जिले में 53 नए व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गजेन्द्रसिंह देवल ने बताया कि जिले में 3 जालोर शहर, 3 भीनमाल, 11 सांचैर, 3 आहोर, 1 अम्बातरी, 1 बी ढाणी, 1 बलाना, 1 बागोड़ा, 2 बिछावाडी, 1 छोटी वीरोल, 1 चिमडावास, 2 दाता, 1 गुड़ा बालोतान, 1 जुंजानी, 2 कारोला, 1 कोट कास्ता, 2 मिंडवा भीनमाल, 1 सेड़वा, 2 परावा, 1 राजीकावास, 1 रतनपुरा चितलवाना, 1 रामपुरा, 1 राउता, 2 सांथू, 1 सूराचंद, 1 सुराणा, 1 वेडिया, 1 बलराई, 1 विशनपूरा, 1 वलदरा एवं 1 व्यक्ति वालेरा में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।
जिले में कोरोना पॉजीटिव की संख्या 10032 हो गई है। इनमें से 8486 स्वस्थ हो चुके हैं। विभाग की ओर से अब तक 2 लाख 63 हजार 870 सैम्पलों की जांच की गई है, जिनमें से 2 लाख 52 हजार 897 की रिपोर्ट नेगेटिव प्राप्त हुई है। जिले में एक्टिव 1470 केस है।
अर्बुदा सेवा संस्थान सिलासन ने किए 10 ऑक्सीजन सिलेण्डर भेंट
जालोर।
जालोर विकास समिति की प्रेरणा से अर्बुदा सेवा संस्थान सिलासन रानीवाडा की तरफ से शुक्रवार को जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि को 10 ऑक्सीजन सिलेण्डर भेंट किए गए। जिला कलक्टर वृष्णि ने वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिले के भामाशाहों द्वारा जिला प्रशासन को दिए जा रहे सहयोग पर धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर छगनलाल गोयल, जालोर उपखण्ड अधिकारी चम्पालाल जीनगर, जालोर विकास समिति के सचिव मोहन पाराशर, अर्बुदा सेवा संस्थान के अध्यक्ष जबरसिंह परमार, व्यवस्थापक ऊकसिंह परमार, मुकेश खण्डेलवाल एवं मूल सिंह परमार उपस्थित थे।
गाइडलाइन के उल्लंघन पर एक लाख का जुर्माना लगाया
जालोर।
उपखंड के नरसाणा गांव में विवाह में अनुमत लोगों से अधिक लोगों के उपस्थित होने पर 1 लाख का जुर्माना लगाया गया। उपखंड अधिकारी चंपालाल जीनगर ने शुक्रवार को नरसाणा में एक शादी समारोह में अनुमत 11 लोगों से अधिक व्यक्तियों के लिए भोजन सामग्री तैयार हो रही थी एवं अनुमति के बिना बहुत बडा शामियाना लगा हुआ था।
जिस पर राजस्थान महामारी अध्यादेश 2020 के तहत 1 लाख का जुर्माना लगाया। उपखंड अधिकारी ने उपखंड क्षेत्र के लोगों से अपील की कि वे गाइडलाइन की पालना करते हुए घरों में सुरक्षित रहें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें
भीनमाल उपखण्ड में कोरोना गाइडलाइन की पालना न करने पर वसूला जुर्माना
जालोर/भीनमाल।
कोरोना एडवाइजरी की पालना के लिए भीनमाल उपखण्ड अधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में गठित संयुक्त प्रवर्तन टीम द्वारा शुक्रवार को उपखण्ड क्षेत्र भीनमाल में नायब तहसीलदार लालाराम मीणा द्वारा कोरोना एडवाइजरी का उल्लंघन करने पर ग्राम पंचायत जुंजाणी में किराने की दुकान को सीज किया गया।
थानाधिकारी दुलीचंद गुर्जर द्वारा सोशल डिस्टेंसिंग का उल्लंघन करने पर 133 व्यक्तियों, सार्वजनिक स्थान पर थूकने पर 1 व्यक्ति का चालान बनाकर जुर्माना वसूल किया गया एवं 11 वाहनों के एमवी एक्ट के तहत चालान बनाकर जुर्माना वसूला गया।




Comments are closed.