चितलवाना. पंचायत समिति चितलवाना में ग्राम पंचायत गोमी में मनरेगा के नाम पर बड़ी धांधली का मामला सामने आ रहा है। मामले में फर्जी मस्टररोल बनाकर उसके आधार पर लाखों रुपए उठाने का आरोप है। मामला गर्माने के बाद इस संबंध में ग्रामीणों ने शिकायत कलक्टर जालोर से की है। कलक्टर को सौंपे ज्ञापन में हिंडवाडा गांव के ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 26 मई 2020 से 9 जून 2020 तक मस्टरोल संख्या 9478, 9488 एवं 9454 व 9455 चलाकर लगभग 2 लाख 74 हजार रुपए का गबन ग्राम विकास अधिकारी एवं मेटों ने मिलकर किया है। भेडा नाड़ी पर 24 लाख का बजट स्वीकृत हुआ है, जिसे कागजों में चलाकर सरकारी धन को हड़प लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में 2 जून को बीडीओ को शिकायत की गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।
यहां तक ही नहीं वर्तमान में गोमी पंचायत में भेड़ा नाडी खुदाई कार्य पर 157 श्रमिक, ग्रेवल सड़क रतनपुरा से गोमी 123 श्रमिक, तालाब खुदाई कार्य रतनपुरा 55 श्रमिक, ग्रेवल सड़क चितलवाना आमली डामर सड़क से इसरोल वितरिका 121 श्रमिक इस प्रकार कुल 456 श्रमिकों के नाम फर्जी तरीके से चलाकर फर्जी तरीके से भुगतान उठाया गया है। ग्रामीणों ने इन सभी कार्यों की जांच की मांग की है।





Comments are closed.