crime Sirohi

भीमाना पटवारी को तीन हजार की रिश्वत लेते एसीबी ने किया गिरफ्तार

किसान से तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते दबोचा, कमरे से मिले डेढ़ लाख नगद
– किसान से पहले ही ले चुका था सात हजार रुपए

पिण्डवाडा।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने शनिवार सुबह सिरोही जिले के भीमाणा के पटवारी गिरधारीदान चारण को तीन हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। उसने एक किसान से उसके खेत के कागजात देने के लिए 10 हजार रुपए मांगे थे। इसमें से सात हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था। पटवारी के कमरे की तलाशी लेने पर उसके बैग से 1.50 लाख रुपए बरामद हुए। उससे पूछताछ की जा रही है। एसीबी सिरोही के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणसिंह राजपुरोहित ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भीमाना पटवार हल्के के सांगड़वा गांव निवासी मोताराम ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी कृषि भूमि पर खुदवाए गए बोरवेल के कृषि कनेक्शन के लिए आवश्यक दस्तावेज, जैसे जमाबंदी व नक्शा देने के एवज में पटवारी गिरधारीदान ने 10 हजार रुपए की मांग की थी। इसमें से उसने 7 हजार रुपए उसे पहले ही दे दिए। इसके बाद पटवारी ने कागजात सौंप दिए। फिर वह लगातार बाकी के 3 हजार रुपए की मांग करता रहा। इस दौरान ज्ञब्ब् लोन लेने के लिए परिवादी को एक बार फिर पटवारी से दस्तावेजों की आवश्यकता पड़ी। इस पर पटवारी पहले के बकाया तीन हजार रुपए देने की मांग पर अड़ गया। आज सुबह एसीबी के कहने पर मोताराम तीन हजार रुपए लेकर होटल में ठहरे पटवारी गिरधारीदान के कमरे में पहुंचा। उसके तीन हजार रुपए देते ही पहले से तैयार एसीबी की टीम ने गिरधारी दान को दबोच लिया। उसके पास से रंग लगे तीन हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए। होटल के कमरे की तलाश के दौरान पटवारी के एक बैग में रखे 1.50 लाख रुपए भी बरामद किए गए। इस राशि के बारे में उससे पूछताछ की जा रही है।

Comments are closed.