crime Jalore News Bulletin RAJASTHAN

#SAYLA में कार वॉशिंग सेंटर संचालक को कार से कुचलने का प्रयास, जान से मारने की धमकी

सायला। कस्बे में रविवार को आपसी कहासुनी के बाद एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश और अपहरण की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ सायला थाने में रिपोर्ट पेश कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार किरण कुमार पुत्र सांवलाराम सरगरा निवासी सायला ने पुलिस में रिपोर्ट देकर बताया कि ओटवाला रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने उसका कार वॉशिंग सेंटर है। रविवार सुबह करीब 9 बजे वीराणा बाईपास रोड पर उनके पिता की खड़ी बोलेरा आरजे 16 यूए 7237 को एक हाईवा ट्रक आरजे 04 जीएल 1376 ने टक्कर मार दी थी। सूचना मिलने पर जब किरण मौके पर पहुंचा, तो वहां नन्दू ठेकेदार भी मौजूद था। इस दौरान दोनों पक्षों में नोकझोंक हुई, हालांकि बाद में ट्रक चालक और किरण के बीच समझौता हो गया। ​पीड़ित किरण कुमार का आरोप है कि दोपहर करीब 3ः30 बजे जब वह अपने सर्विस सेंटर पर कार धो रहा था, तभी आरोपी नन्दू ठेकेदार अपनी टाटा हैरियर कार को तेज गति से लेकर आया और उसे कुचलने की नियत से सीधे सेंटर में घुसा दी। किरण ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी नन्दू ठेकेदार ने कार से उतरकर पीड़ित किरण कुमार के साथ गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गया। शोर सुनकर पास ही खड़े बदाराम भील और ललित कुमार प्रजापत ने बीच-बचाव कर किरण को आरोपी से छुड़ाया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़ित ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
इनका कहना है –
मारपीट और अपहरण का प्रयास करने को लेकर पीडित किरण कुमार ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के आधार पर परिवाद दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। – राजाराम बिश्नाई, एएसआई, पुलिस थाना सायला।