सायला।
कस्बे के श्री राधा कृष्ण मन्दिर प्रांगण में शुक्रवार को चतुः सम्प्रदाय वैष्णव वैरागी शिक्षा सेवा समिति द्वारा जगद्गुरू स्वामी रामानन्दाचार्य महाराज की 720वीं जयन्ति महोत्सव का विभिन्न संत महात्माओं के सान्निध्य में हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। जयन्ति महोत्सव के निमित भजन संध्या, महाआरती व महाप्रसादी सहित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

महोत्सव के तहत शुक्रवार दोपहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में सुसज्जित रथ में जगद्गुरू स्वामी रामानन्दाचार्य महाराज की तस्वीर विराजित थी। जबकि अन्य रथ में संत महात्मा विराजित थे। वही वरघोडे में युवक युवतियां बैण्ड बाजे की सुमधुर स्वर लहरियों पर झूमते हुए चल रहे थे। इस दौरान युवक गुरूदेव के जयकारे लगा रहे थे। जिससे पूरा माहौल धर्ममय हो गया। वरघोडा माली समाज से रवाना होकर लहर भारती कुटिया व नया बस स्टैंड होते हुए पुनः मन्दिर प्रांगण पहुॅचकर विसर्जित हुआ। इसके बाद 108 दीपों की महाआरती व महाप्रसादी का भी आयोजन हुआ। जिसमें क्षेत्रभर से समाजबन्धुओं ने बडी संख्या मे भाग लिया। वही समाज की 150 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान महामंडलेश्वर जगदीश दास महाराज, ज्ञानदास महाराज, जगदीशदास लुम्बावा, महंत गोपालचरण वीरमत्यागी व मांगीदास महाराज सहित सैकड़ों की संख्या में समाजबंधु मौजूद थे।
